प्रो. त्रिपाठी को राजस्थान बाल साहित्य मनीषी सम्मान मिला

लाडनूँ, 8 सितम्बर 2023। पंडित जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी की ओर से ख्यातिनाम बाल साहित्यकार प्रो. आनंद प्रकाश त्रिपाठी रत्नेश को बाल साहित्य मनीषी 2023 के सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें जवाहर कला केंद्र जयपुर में शासन सचिव गायत्री राठौर की अध्यक्षता और राजीव अरोड़ा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष गीतकार इकराम राजस्थानी ने उन सभी का स्वागत किया। सम्मान के रूप में प्रो. डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी रत्नेश को शालार्पण के साथ मोमेंटो, सम्मान पत्र एवं 21 हजार की राशि प्रदान की गई। प्रो. त्रिपाठी पिछले 35 वर्षों से निरंतर बाल साहित्य का सृजन कर रहे हैं। अब तक उनके 18 बाल कहानी संग्रह, एक काव्य संग्रह, एक एकांकी संग्रह और एक बाल उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त पांच कहानी संग्रह, दो लघुकथा संग्रह, तीन नाटक, दो जीवनी साहित्य, दो निबंध संग्रह, 12 दार्शनिक ग्रंथ एवं कई संपादित ग्रंथ भी प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें अब तक अनेक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें भवनीलाल गुप्ता कहानी पुरस्कार, सोहनलाल द्विवेदी बाल साहित्य पुरस्कार, बाल साहित्य संस्थान पुरस्कार, साहित्य एवं संस्कृति सम्मान, महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान, अणुव्रत शिक्षा सम्मान, अणुव्रत लेखक पुरस्कार एवं बाल साहित्य मनीषी सम्मान आदि प्रदान किए जा चुके हैं।

Read 1239 times

Latest from