Print this page

जैन विश्वभारती संस्थान के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में बालदिवस का आयोजन

बालदिवस पर किया नेहरू को याद

लाडनूँ 14 नवम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस को बालदिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुये इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अहिंसा एवं शांति विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. जुगलकिशोर दाधीच ने बताया कि पं. नेहरू हमेशा भविष्य की ओर देखते थे। इसी कारण उन्हें नई पीढी से बेहद लगाव था। वे चाहते थे कि शिक्षा का प्रसार हो और उच्च शिक्षा के लिये अधिक संख्या में छात्र आगे आयें। प्राचार्य त्रिपाठी ने नेहरू के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुये जेल से अपनी पुत्री इंदिरा को लिखे पत्रों का हवाला देते हुये एक पिता द्वारा अपनी संतान को सही मार्गदर्शन व संस्कार प्रदान किये जाने की मिसाल बताया। व्याख्याता अभिषेक चारण ने नेहरू के राजस्थान दौरे व यहां विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा की ललक से ली गई प्रेरणा के बारे में बताया। चारण ने बताया कि नेहरू ने इसका जिक्र संसद में भी किया था। कार्यक्रम में छात्रा रश्मि बोकड़िया व करिश्मा खान ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार पूरा उपस्थित रहा।

Read 5079 times

Latest from