प्रधानमंत्री पूरे देश को नशामुक्त बनाना चाहते हैं, साधु-संतों व जैन विश्वविद्यालयों का रहेगा अहम् योगदान- केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल
लाडनूँ, 19 नवम्बर 2026। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के 17वें दीक्षांत समारोह का आयोजन यहां सुधर्मा सभा पांडाल में किया गया , जिसमें कुल 4387 जनों को डिग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 4333 स्नातक एवं स्नातकोत्तर, 9 स्वर्ण पदक एवं 54 पीएचडी की उपाधियां शामिल है। सभी विभागों के विभागाध्यक्षों ने अपने शोधार्थियों व विद्यार्थियों को डिग्रियां प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया और कुलाधिपति अर्जुन राम मेघवाल व कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने डिग्रियां वितरित की। इस अवसर पर जैन विश्व भारती कै गौरव मंडोत भी मंचस्थ थे।अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण के सान्निध्य में आयोजित इस 17वें दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अपने दीक्षांत भाषण में कहा कि विद्यार्थियों ने यहां जो ज्ञान अर्जित किया है, उसका प्रचार-प्रसार वे समाज हित में और देश हित में अवश्य करें। उन्होंने कहा कि वे जब भी जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय को याद करेंगे, उनमें आचार्य श्री तुलसी, आचार्य महाप्रज्ञ और आचार्यश्री महाश्रमण के भाव आएंगे और कभी गलत काम नहीं कर पाएंगे। केन्द्रीय मंत्री ने कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ की सराहना करते हुए कहा कि जब पूरे देश में विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय बंद हो रहे थे, लोग चिंतित थे, ऐसे समय में भी बिना धैर्य खोए लगातार काम करते रहे और संस्थान को आत्मनिर्भर भी बनाया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समस्त मंत्रिमंडल एवं सचिवों की बैठक लेकर पूरे देश को नशा मुक्त बनाने की घोषणा की है। उन्होंने इस अवसर पर आचार्य श्री महाप्रज्ञ की अहिंसा यात्रा के दौरान नशामुक्ति के प्रयासों का उल्लेख भी किया। साधु-संतों का इस दिशा में बड़ा योगदान है। अभी दीक्षांत समारोह में सबने संकल्प सूत्र का पाठ कर संकल्प लिया कि अहिंसक, प्रामाणिक व व्यसन मुक्त समाज बनाएंगे। उन्होंने जैन दर्शन को सबसे अधिक प्रामाणिक है। 'जिओ और जीने दो' के जैन दर्शन से भारत पूरे विश्व को सिखाता है। उन्होंने जैन भोजन और जैन सिद्धांतों की प्रशंसा की।
जैविभा विश्वविद्यालय के अनुशासन की सराहना की
विश्वविद्यालय के अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण ने सभी विद्यार्थियों को 'शिखा पदम' का पाठ करवाया। उन्होंने समारोह में सबको सम्बोधित करते हुए कहा कि आगम में विद्या में असफल रहने के 5 गलत तत्व बताए हैं। इनमें अहंकार, क्रोध, प्रमाद, रोग और आलस्य शामिल हैं। विद्यार्थियों को इन पांचों से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में डिग्री लेने को महत्वपूर्ण माना, लेकिन प्राप्त ज्ञान के सदुपयोग करने के प्रयास पर बल दिया। साथ ही जीवन भर स्वाध्याय भी चलते रहने को ज्ञानवृद्धि के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि विद्या में नशा मुक्ति का संकल्प सही है, पर सरकार भी नशा मुक्ति पर ध्यान दे, यह अच्छी बात है। आचार्य श्री महाश्रमण ने जैन विश्व भारती और विश्वविद्यालय को शिक्षा, सेवा और साधना का महाआश्रम बताया। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ कई मायनों में अपूर्व कुलपति हैं। इनका कार्यकाल भी अपूर्व है कि लगातार दो कार्यकाल पूरे करना और उससे भी अधिक समय तक काम संभालना इन्हें सबसे अलग करता है। यह गौरव की बात है कि युवाचार्य महावीर कुमार ने भी यहां से पीएचडी की। उन्होंने बताया कि जहां धर्मगुरुओं का अनुशासन होता है, वह संस्थान अच्छा ही होता है। शिक्षा, नैतिकता, आध्यात्मिकता की दृष्टि से यह विश्वविद्यालय अलग बन गया है। दुनिया में अन्य बहुत सारे विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह होते हैं, लेकिन जैसा अनुशासन इस विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में होते हैं, वैसा अनुशासन कहीं अन्यत्र नहीं देखने को मिलता। यह तो एक आश्रम के रूप में है। उन्होंने सजगता, जागरूकता, नैतिकता, ईमानदारी, परस्पर सद्भाव, सौहार्द और परिवार के रूप में इस विश्वविद्यालय में बनी रहने की मंगलकामना की।
यह विश्वविद्यालय ही नहीं शैक्षणिक आंदोलन है
प्रारंभ में स्वागत भाषण व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने तीनों अनुशास्ता आचार्यों, पूर्व कुलाधिपतियों और कुलपतियों के योगदान को याद किया। उन्होंने एक साल की उपलब्धियों, गतिविधियों आदि का विवरण प्रस्तुत करते हुए नए विभागों की स्थापना, नए पाठ्यक्रमों को लागू करने, शोध व अनुसंधान तथा नवीन पैटेंट हासिल करने, तीन क्षेत्रों में श्रेष्ठता के आधार पर आईएसओ सर्टिफिकेशन प्राप्त करने, डिजिटल सुविधाओं के विकास, पुस्तक प्रकाशन की उपलब्धियों, 35 वर्षों के संस्थान के इतिहास का प्रकाशन, संस्थान और सदस्यों को मिले विभिन्न सम्मानों व पुरस्कारों, उच्च स्थानों पर विद्यार्थियों के प्लेसमेंट, बिना अनुदानों के वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति, शैक्षणिक विकास के साथ भौतिक ढांचागत व संसाधनों का विकास, नवीनीकरण व विस्तार आदि की जानकारी दी और कहा कि यह केवल विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक आंदोलन है।




