लाडनूँ, 26 अगस्त 2026। जैन विश्वभारती संस्थान में 26 अगस्त को सांस्कृतिक समिति द्वारा राजस्थान की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति, लोक परंपराओं, वेशभूषा एवं रीति-रिवाजों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने के लिए “लेहरिया उत्सव” का आयोजन किया गया। “रंग, रीति और रौनक” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान धारण कर लेहरिया एवं पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों और पारंपरिक साज-सज्जा ने पूरे आयोजन को राजस्थानी संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में अलवीरा, नेहा भदारिया विजेता रही वही पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में पावनी विजेता रही। इस अवसर पर पूरा परिसर राजस्थानी लोक रंगों, उल्लास और उत्साह से भर उठा। “लेहरिया उत्सव” के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने, जीवंत रखने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सुंदर संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन पलक, रक्षिता , संजना एवं अवंतिका ने किया।



